रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़, महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास सैटिस ब्रिज पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक शिवशाही बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग बस के इंजन और डीजल टैंक के पास लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस ठाणे से पालघर होते हुए बोइसर जा रही थी।
बस में सवार सभी 15 यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।











