धारूहेड़ा 22 मार्च चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धारूहेड़ा मे आज कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के नेतृत्व में धारूहेड़ा में बढ़ती एलपीजी गैस की कीमतों, गैस सिलेंडर की भारी किल्लत तथा पेट्रोल-डीजल के दामों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारी धारूहेड़ा के मुख्य बाजार से निकले और “गैस के दाम कम करो”, “आम आदमी को राहत दो” और “महंगाई पर रोक लगाओ” जैसे नारों के साथ सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।इस दौरान चिरंजीव राव स्थानीय गैस एजेंसियों पर पहुंचे, जहां उन्होंने गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया। लोगों ने उन्हें बताया कि गैस की होम डिलीवरी समय पर नहीं हो रही है। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद कई-कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें मजबूरी में घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ता है। कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि कामकाजी लोगों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है, क्योंकि उन्हें अपने काम छोड़कर लाइन में लगना पड़ रहा है।
चिरंजीव राव ने कहा कि आज देश का आम आदमी महंगाई की दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर एलपीजी गैस सिलेंडर लगातार महंगा होता जा रहा है। दूसरी ओर उसकी समय पर उपलब्धता भी सुनिश्चित नहीं की जा रही है। इसके साथ ही हाल ही में प्रीमियम पेट्रोल और औद्योगिक डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी ने व्यापारियों, उद्योगों और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है और आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। आज स्थिति यह है कि लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी परेशान हैं, जो किसी भी जिम्मेदार सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय होना चाहिए।
चिरंजीव राव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।











