November 2, 2026 10:25 pm

जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर समन्वित रणनीति पर जोर : एसपी – नशा तस्करी, संगठित अपराध व लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश-

रेवाड़ी 21मार्च चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से लघु सचिवालय रेवाड़ी स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न श्रेणियों के अपराधों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण, डीएसपी सिटी जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी कोसली विद्यानंद, डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार सहित सभी थाना प्रबन्धक, पीओ स्टाफ इंचार्ज तथा सभी ईन्चार्ज उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मीणा ने जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। नशा तस्करी से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों, नेटवर्क एवं सप्लाई चैन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समन्वित एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रकरण में विवेचना की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।
जिले में सुरक्षा चक्र को और अधिक मजबूत करने के लिए अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों, प्रमुख रास्तों और चौराहों पर CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रमुख रास्तों और चौराहों पर कैमरों की उचित कवरेज से न केवल अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी, बल्कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस द्वारा नजर रखी जा सकेगी।
बैठक के दौरान संगठित अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों, लंबित वारंटों तथा फरार आरोपियों की धरपकड़ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, नियमित चेकिंग अभियान संचालित करने तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून के प्रावधानों के अनुरूप निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनविश्वास को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें