PNP न्यूज़ रेवाड़ी 20 मार्च चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस उप-महानिरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह,आईपीएस ने आज जिला रेवाड़ी का दौरा किया। रेवाड़ी पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर सलामी गार्द ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात, डीआईजी सुरेंद्र पाल सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता की। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस, डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी बावल श्री सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी सिटी जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी कोसली विद्यानंद, डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार सहित सभी थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मीटिंग की कार्यवाही परिचय सत्र के साथ शुरू हुई, जिसके बाद डीआईजी ने जिले की कानून व्यवस्था का गहन विश्लेषण किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से उनके संबंधित क्षेत्रों में अपराध की प्रकृति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान इस वर्ष अब तक दर्ज हुए जघन्य अपराधों के मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनकी पहुंच की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि पेट्रोल पंप, बैंक, ज्वैलरी की दुकानें, होटल, ढाबे, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, मार्केट व कोचिंग संस्थानों सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। प्रवेश व निकासी द्वारों पर कैमरे अवश्य लगाए जाएं तथा कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध की रोकथाम तथा अपराधियों की पहचान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी थाना एवं चौकी क्षेत्र में नियमित रूप से पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाए। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को संवेदनशीलता के साथ सहायता प्रदान की जाए।उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारण देश में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु होती है तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसलिए आमजन को मोटर वाहन अधिनियमों की पालना के लिए प्रेरित किया जाए।
नशीले पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर देते हुए डीआईजी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत ओर अधिक कड़ी और प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस को ओर अधिक आक्रामक रुख अपनाना होगा। हालांकि, उन्होंने अब तक किए गए पुलिस कार्यों और उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही यह भी प्रेरित किया कि पुलिसिंग में हमेशा सुधार की गुंजाइश बनी रहती है। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।











