धारूहेंडा 3 मार्च चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हरियाणा टूरिज्म द्वारा 28 फरवरी से 4 मार्च तक आयोजित किए जा रहे प्रदेशव्यापी ‘होली रंगोत्सव’ की श्रृंखला में धारूहेड़ा स्थित जंगल बेबलर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में होली उत्सव की धूम रही।
होली उत्सव कार्यक्रम की शुरुआत तिलक लगाकर की गई, वहीं प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल और फूलों की पंखुड़ियों से सराबोर कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। महिलाओं ने ढोलक की थाप और होली के पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया। मस्ती, दोस्ती और उमंग के इस माहौल में पूरा परिसर होली के गीतों से गुंजायमान रहा। उत्सव को खास बनाने के लिए महिलाओं ने आकर्षक रंगोली सजाई और हंसी-ठिठोली के साथ त्यौहार का आनंद लिया। इस तरह के सामूहिक आयोजनों से आपसी जुड़ाव बढ़ता है और त्यौहारों की खुशी दोगुनी हो जाती है। पर्यटन निगम इंचार्ज इंद्रेश चौधरी ने बताया कि हरियाणा टूरिज्म द्वारा मनाए जा रहे होली रंगोत्सव का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय समुदायों को एक मंच पर लाकर प्रदेश की संस्कृति व त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाना है। जंगल बेबलर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि सामाजिक सद्भाव की एक खूबसूरत तस्वीर भी पेश की। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन केवल उत्सव ही नहीं सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, जो पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के निर्देशानुसार हरियाणा टूरिज्म आगे भी ऐसे अनेक आयोजन करता रहेगा, जिससे समाज में भाईचारा कायम रहेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन के विजय यादव ने सभी गुलाल लगाया। सत्येंद्र चौधरी, प्रदीप यादव, सतबीर सहित अन्य सभी ने आज भाग लिया।











