*गड़रा डबल मर्डर कांडः अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, 20 नामजद*
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चप्पे-चप्पे पर तैनात फोर्स
आरोपी के घर से बरामद हुई लूटी गई बंदूक
मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गहरा गांव में शनिवार को हुए बवाल में राहिल द्विवेदी उर्फ सनी 36 की हत्या के बाद आदिवासियों ने पुलिस पर पत्थर, डंडे और धारदार हथियार से हमला किया था। आदिवासियों के हमले में एएसआई रामचरण गौतम की भी मौत हो गई थी, जबकि टीआई, तहसीलदार सहित 10 पुलिस जवान घायल हुए थे। पुलिस ने घटना में शामिल 9 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में 20 आरोपी नामजद किए गए हैं। कमिश्नर बीएस जामोद और प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय मऊगंज में डेरा डाले हुए हैं। गड़रा में हुए डबल मर्डर कांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सोमवार को भी गहरा गांव में पुलिस बल के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। मृतक युवक के परिजनों की लाइसेंसी बंदूक भी आदिवासियों ने लूट ली थी, जिसको पुलिस ने आरोपी विनोद के घर से बरामद कर लिया है। मृतक युवक के पिता रजनीश कुमार द्विवेदी की 315 बोर की रायफल आदिवासियों ने लूट ली थी, साथ ही उनके साथ भी मारपीट की गई थी। घटना में घायल तहसीलदार का मोबाइल फिलहाल अब तक नहीं मिला है। पुलिस की अलग-अलग टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। पुलिस की प्रथम दृष्टया की गई जांच में पता लगा है कि पूरी घटना तात्कालिक हुई है। पूरे मामले की जांच के लिए प्रभारी आइजी साकेत प्रकाश पाण्डेय ने अलग-अलग टीम का गठन किया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम क्षेत्र में सर्चिग कर घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए लगी हुई है।
*पकड़े गए आरोपियों से पुलिस उगलवा रही राज*
गहरा गांव में हुई घटना के बाद पुलिस पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर घटना से जुड़े पहलुओं का पता लगा रही है। चर्चा यह भी रही कि मामले में गिरफ्तार एक कथित पत्रकार के मोबाइल को भी पुलिस ने जब्त किया है, जिस पर पुलिस को कुछ वीडियो फुटेज के साथ कॉल डिटेल मिले हैं, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोप है कि मोहम्मद रफीक घटना के वक्त घटना स्थल पर ही मौजूद था। जिस समय आरोपीगण युवक के साथ मारपीट कर रहे थे, उस समय वह वीडियो बना रहा था, युवक अपने आप को बेगुनाह बताते हुए जान की भीख मांगता रहा, लेकिन उसकी किसी ने एक न सुनी और बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में मुख्य आरोपी विनोद कोल सहित 9 आरोपी पुलिस के हाथ लगे हैं, रविवार को पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा था, वहीं सोमवार को चार आरोपी पकड़े गए। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस टीम के द्वारा सरगर्मी से की जा रही है।
ये आरोपी नामजद : पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी विनोद कोल सहित 20 आरोपियों के नामजद कर 9 को गिरफ्तार किया है। मामले में रमेश प्रसाद साहू, बृजलाल कोल, अंशू कोल, प्रेमवती कोल, राजाराम कोल, सौखी कोल, मुत्रीलाल कोल, अच्छे लाल कोल, संजय कोल, रामकिशोर कोल, सचिन कोल, रामकृपाल कोल, गुड़िया कोल, निशा कोल, शनि कोल, लवकुश कोल व रफीक मोहम्मद सहित आधा सैकड़ा आरोपी शामिल थे। मामले में पुलिस ने विनोद कोल, महेश कोल और प्रयाग कोल पकड़ में आए, इसके साथ घटना का मास्टरमाइंड रफीक मोहम्मद भी पकड़ा गया है। मामले में अभी तक आधा सैकड़ा से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल है।
PNP NEWS से आशीष मिश्रा की रिपोर्ट












