रेवाड़ी, 28 जनवरी ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
समाज के जरूरतमंद वर्ग विशेषकर परिवार द्वारा उपेक्षित वरिष्ठ नागरिकों के उत्थान हेतु कार्यरत प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था दक्ष एनजीओ द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में रक्षा क्षेत्र के वेटरन एवं वरिष्ठ समाजसेवी मेजर (डॉ.) टी.सी. राव को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में दशकों से किए जा रहे सतत, निस्वार्थ और प्रभावी योगदान के लिए अनेक दावेदारों में से चयनित कर प्रदान किया गया।यह कार्यक्रम मानव रचना विश्वविद्यालय, फरीदाबाद के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें राजेश नागर मंत्री हरियाणा सरकार तथा प्रवीण बत्रा जोशी महापौर फरीदाबाद ने संयुक्त रूप से मेजर डॉ. टी.सी. राव को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
समारोह में दिल्ली, गुरुग्राम व फरीदाबाद से पधारे बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, गणमान्य अतिथि, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनसीसी कैडेट्स एवं लॉ पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘साइबर फ्रॉड एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा’ विषयक पैनल चर्चा में भी मेजर डॉ. टी.सी. राव को आमंत्रित किया गया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं वेटरन्स को साइबर अपराध से बचाव हेतु कई महत्वपूर्ण, व्यावहारिक एवं जागरूकता आधारित सुझाव दिए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
संस्था के मुख्य सूत्रधार AVM लक्ष्मी नारायण शर्मा (मुख्य सलाहकार साक्षरता), विंग कमांडर एच.सी. मान (मुख्य सलाहकार कानूनी साक्षरता), कर्नल ए.के. कपलाश (मुख्य सलाहकार कौशल विकास), ब्रिगेडियर एन.के. माथुर (मुख्य सलाहकार वृद्ध देखभाल), मेजर राजेश गर्ग (पूर्व अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश व मुख्य सलाहकार कानूनी) हैं।संस्था 2017 से ख्याति प्राप्त समाजसेवियों को सम्मानित करती आ रही है। दक्ष संस्था के मुख्य उद्देश्य “Save Environment”, “Take Care of Senior Citizen – ख्याल अपने बुजुर्गों का”, “Empowerment of Artisans (Art & Culture), “सरकारों की पाठशाला”, आशीर्वाद – ड्राइंग कम्पीटीशन विद ग्रैंड पेरेंट्स” हैं।दक्ष एनजीओ के पदाधिकारियों ने कहा कि मेजर डॉ. टी.सी. राव का जीवन सेवा, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सेना सेवा के उपरांत भी उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा मार्गदर्शन, वेटरन्स वेलफेयर तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु निरंतर उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले कर्मयोगियों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।











