रेवाड़ी, 19 जनवरी ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जिला पुलिस द्वारा 12 से 18 जनवरी तक ड्रिंक एंड ड्राइव, वाहन में तेज डीजे/प्रेशर हॉर्न बजाने, लेन चेंज नियमों की अवहेलना करने व बुलेट पटाखा छोड़ हवाबाजी करने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाया गया।इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 45 वाहन चालकों के चालान किए।
पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि अक्सर देखने में आता है कि रात्रि के समय काफी वाहन चालक नशे में धुत होकर वाहन चलाते हैं, जिससे वह अपने आप को तो खतरे में डालते हैं, साथ में सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक के लिए भी खतरा बन जाते है। शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है और यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि अभी केवल रेवाड़ी पुलिस चालान ही कर रही है, संभल जाएं, अन्यथा इस अपराध के लिए मुकदमा का भी प्रावधान है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रेवाड़ी पुलिस आमजन को विश्वास दिलाती है कि शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील है कि गाड़ियों में ब्लैक फिल्म का प्रयोग न करें। नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखा छोडने व ध्वनि प्रदूषण करने से बचें। रेवाड़ी पुलिस सुरक्षित, अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर कार्यरत है और ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।











