मनोज कुमार (जहानाबाद )
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हुलासगंज प्रखंड के तिरा पंचायत अंतर्गत ग्राम जारू स्थित संगम जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा “नई चेतना” अभियान के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जीविका ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं ने लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह, बाल श्रम और जेंडर असमानता जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर शपथ ली और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि लड़कियों और लड़कों को समान अधिकार, समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी प्रथाओं को समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए इनके पूर्ण उन्मूलन का आह्वान किया। शपथ ग्रहण के साथ-साथ महिलाओं ने ग्रामीणों से संवाद कर इन कुरीतियों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी साझा की।
जीविका दीदियों ने कहा कि “नई चेतना” के माध्यम से महिलाएं न केवल स्वयं सशक्त हो रही हैं, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने-अपने गांव में निरंतर जागरूकता गतिविधियां चलाकर बाल विवाह मुक्त, भेदभाव रहित और समानता आधारित समाज के निर्माण में योगदान देंगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्राम संगठन की महिलाएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने गांव में सामाजिक चेतना को नई दिशा दी और लोगों को समानता, न्याय और मानव गरिमा के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध होने के लिए प्रेरित किया।











