संवाददाता: अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे ओवरलोड और तेज रफ्तार डंपरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक बार फिर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया, जब डाक विभाग के एक कर्मचारी अनियंत्रित डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गरीबा टोला निवासी पोस्टमैन तेजन यादव शनिवार को करीब 11 बजे सिताब दियरा से रिवीलगंज डाक लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। सरजू नदी नई बस्ती के समीप सामने से आ रहे खनन कार्य में लगे ओवरलोड डंपर (हाइवा) ने अचानक चकमा दे दिया। इससे तेजन यादव संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके गर्दन में गंभीर चोटें आईं। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। पूर्व मुखिया सुरेंद्र सिंह ने बैरिया तहसील प्रशासन से मांग की है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में मिट्टी भराई का कार्य भले जारी रहे, लेकिन निर्माण में लगे वाहनों को नियंत्रित ढंग से चलवाया जाए, ताकि आम लोगों की जान सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपर अब तक कई लोगों की जान ले चुके हैं, इसके बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक निर्दोष लोग इन अनियंत्रित डंपरों का शिकार बनते रहेंगे। स्थानीय निवासी बिपिन सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि महज दो दिन पहले गुरुवार की रात सुकरौली निवासी अजीत यादव की भी एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाने, डंपरों की गति सीमा निर्धारित करने और सख्त निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी और भयावह दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।











