November 2, 2026 9:46 pm

बलिया समाचार: 15 साल से बदहाली की सजा झेल रहे ग्रामीण, सड़क बनी विकास में बाधा।

संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया बलिया। बैरिया क्षेत्र के मुरलीछपरा–इब्राहिमाबाद ऊपरवार ग्राम पंचायत अंतर्गत आईटीआई से एनएच-31 सोनबरसा तक जाने वाली सड़क बीते करीब 15 वर्षों से बदहाल पड़ी हुई है। गहरे गड्ढों, टूटी सतह और उड़ती धूल से भरी यह सड़क अब विकास नहीं बल्कि ग्रामीणों के लिए अभिशाप बन चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। इस सड़क की सबसे भयावह तस्वीर तब सामने आती है जब दर्जनों गांवों के मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा इलाज के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं। जर्जर सड़क के कारण एंबुलेंस को समय पर पहुंचने में भारी दिक्कत होती है, जिससे मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जान पर खतरा मंडराता रहता है। महत्वपूर्ण यह है कि इसी मार्ग पर आईटीआई कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय, फायर सर्विस केंद्र सहित कई सरकारी व शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। इसके साथ ही एक नए गर्ल्स कॉलेज का निर्माण भी चल रहा है। बावजूद इसके सड़क की दुर्दशा जस की तस बनी हुई है। आईटीआई और पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाले छात्र आए दिन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। इब्राहिमाबाद ऊपरवार निवासी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर सांसद, विधायक और बैरिया उपजिलाधिकारी को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। भाजपा नेता सुनील सिंह उर्फ पप्पू, किसान मित्र हजारी सिंह, हरेराम सिंह, रविकांत सिंह, मूंज के डेरा निवासी उमेश यादव, सुरेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इसी सड़क पर फायर सर्विस केंद्र स्थित है। गर्मी के मौसम में खेतों में आग लगने की घटनाएं आम हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाता। जब तक दमकल मौके पर पहुंचती है, तब तक किसानों की महीनों की मेहनत जलकर राख हो जाती है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें