November 2, 2026 11:40 pm

Ballia news: जयप्रभा सेतु पर भीषण हादसा, ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर में पूर्व सरपंच समेत चार गंभीर।

संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया बलिया। उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले जयप्रभा सेतु पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बंगरा पंचायत के पूर्व सरपंच विक्की यादव समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद सेतु पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित रहा। घायलों की पहचान पूर्व सरपंच विक्की यादव, दीपक भारती, मनीष यादव और अजय यादव के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और बिहार, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। इधर हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मांझी सीएचसी और छपरा सदर अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जयप्रभा सेतु पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सेतु पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्पीड कंट्रोल और प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू करने की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें