संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। मुरली छपरा प्रखंड क्षेत्र के जयप्रकाश नगर स्थित प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकार की ओर से लगाए गए दो आरओ प्लांट शोपीस बनकर रह गए हैं। दोनों प्लांट कई महीनों से खराब पड़े हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। नतीजतन अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को मजबूरी में आर्सेनिक युक्त पानी पीना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र का भूजल पहले से ही आर्सेनिक प्रभावित है। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने स्वास्थ्य केंद्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ प्लांट लगवाए थे। लेकिन नियमित देखरेख और रखरखाव के अभाव में दोनों मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों को बाहर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ता है, जबकि कई मरीज आर्थिक रूप से इतने सक्षम नहीं हैं कि वे रोज बोतलबंद पानी खरीद सकें। इससे उनकी सेहत पर अतिरिक्त खतरा मंडरा रहा है। जयप्रकाश नगर के ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग से अविलंब आरओ प्लांट की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर शुद्ध पानी की व्यवस्था न होना गंभीर चिंता का विषय है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ध्यान देते हैं और मरीजों को स्वच्छ पेयजल कब नसीब हो पाता है।











