ठाणे (महाराष्ट्र):
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्टर यगेश यादव
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक बड़े मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात दिन के नवजात शिशु को 6 लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठाणे पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए फर्जी खरीदार बनाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह नवजात शिशु को अवैध रूप से बेचने की योजना बना रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक नकली खरीदार को गिरोह के संपर्क में भेजा। योजना के तहत यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपये बयाने के तौर पर दिए गए, जबकि शेष 5.8 लाख रुपये नकद में देने की बात तय हुई। सौदे की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नवजात को सुरक्षित बचा लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर संभाजी मनोहर (36), रेशमा शहाबुद्दीन शेख (35), नितिन संभाजी मनोहर (33), शेखर गणेश जाधव (35) और मुंबई के मानखुर्द निवासी आसिफ चांद खान (27) के रूप में हुई है। इस मामले में एक महिला आरोपी सबीना फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
बदलापुर पश्चिम थाने के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह गिरोह नवजात शिशुओं को निःसंतान दंपतियों को बेचने में शामिल था। पुलिस को आशंका है कि यह एक बड़े शिशु तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल नवजात शिशु को विशेष देखभाल गृह में रखा गया है और उसकी जैविक मां की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अस्पताल या नर्सिंग होम की संलिप्तता तो नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।











