सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन व स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, बंदियों से किया संवाद।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। बंदियों को दी जा रही सुविधाओं और कारागार की व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कारागार मऊ का उच्चस्तरीय औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में माननीय जिला जज बलिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बलिया, पुलिस अधीक्षक बलिया, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बलिया एवं जेल अधीक्षक मऊ शामिल रहे। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, बैरकों की दशा, रसोईघर, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं व शिकायतों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया। चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दवाइयों की उपलब्धता, उपचार प्रक्रिया और चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति को परखा गया। संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, अनुशासनात्मक व्यवस्था और प्रशासनिक संचालन की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बंदियों को मानवीय व सुरक्षित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए। जेल अधीक्षक मऊ को निर्देशित किया गया कि बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।











