November 2, 2026 10:25 pm

वाराणसी समाचार : नो-पार्किंग और ठेलों के कारण जाम, मंडुवाडीह पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

संपादक: नीलेश वर्मा PNP NEWS

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

वाराणसी

वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बनारस रेलवे स्टेशन से लतारा ओवरब्रिज तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। निर्माण कार्य के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दिनभर भारी वाहनों और स्थानीय आवागमन के चलते लगातार जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसकर आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब जाम में एंबुलेंस भी फंस गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई एंबुलेंस को आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में खड़ा रहना पड़ा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और ट्रैफिक प्लानिंग न होने के कारण समस्या और विकराल हो गई है।

यातायात अव्यवस्था की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राय वर्मा सक्रिय हुए। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ लहरतारा चौकी इंचार्ज एसआई राहुल सिंह एवं डीएलए चौकी इंचार्ज एसआई राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने सबसे पहले सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को हटवाया, जिससे मार्ग को चौड़ा किया जा सके।

इसके बाद नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी कई गाड़ियों के विरुद्ध चालान कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी दी कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण या अवैध पार्किंग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से धीरे-धीरे जाम खुला और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की, साथ ही प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में आमजन और आपातकालीन सेवाओं को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें