संपादक: नीलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!PNP News | वाराणसी
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवदासपुर कॉलोनी में इन दिनों प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। एक ओर जहां पुलिस प्रशासन बाजारों में चाइनीज़ मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगा रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के युवा और बच्चे खुलेआम पतंग उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन कॉलोनी और आसपास के इलाकों में युवा चाइनीज़ मांझे से पतंग उड़ाते नजर आते हैं। पुलिस द्वारा दुकानों पर कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन पतंग उड़ाने वालों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे उनमें किसी प्रकार का डर नहीं है।
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने बताया कि चाइनीज़ मांझा बेहद खतरनाक होता है। यह नायलॉन और कांच के मिश्रण से तैयार किया जाता है, जो पतंग कटने के बाद हवा में लहराते हुए राहगीरों के गले, हाथ या चेहरे पर फंस जाता है। इससे अब तक कई जगहों पर गंभीर चोटें और जानलेवा हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मांझा जान का खतरा बना हुआ है। बावजूद इसके, पतंग उड़ाने वालों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि जैसे चाइनीज़ मांझे की बिक्री पर कार्रवाई की जा रही है, उसी तरह प्रतिबंधित मांझे से पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में किसी बड़े हादसे से पहले इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।











