संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। रसड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेडियम स्टीकर लगाने के नाम पर वाहन चालकों से जबरन वसूली करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित बोलेरो वाहन से सड़क किनारे गाड़ियों को रोककर खुद को ट्रैफिक से जुड़ा बताकर रुपये वसूल रहे थे। विरोध करने पर मारपीट की धमकी भी दी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला और क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किसान इंटर कॉलेज के पास सिधाघर घाट मार्ग पर दबिश दी। सूचना मिली थी कि कुछ युवक बोलेरो से सड़क पर वाहनों को रोककर रेडियम स्टीकर चिपकाने के नाम पर 50 से 300 रुपये तक की वसूली कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर सभी छह आरोपितों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में अनुज गिरी, धीरज गिरी, मन्दीप मौर्या, अमित गिरी, अजय यादव और रामध्यान यादव शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 50, 100, 200 और 300 रुपये की कुल 284 रसीद पर्चियां, सफेद, लाल व पीले रंग के रेडियम स्टीकरों की तीन गड्डियां, एक रजिस्टर, छह मोबाइल फोन, वसूली की नकद राशि 12,530 रुपये तथा एक बोलेरो वाहन (UP 60 AB 6111) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार रसीद पर्चियों पर “TRAFFIC CONTROL CAMP – OBEY THE TRAFFIC RULES” लिखा हुआ था, जिससे लोग भ्रमित होकर पैसे दे देते थे। सभी आरोपितों को रात करीब साढ़े बारह बजे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या फर्जी ट्रैफिक कार्रवाई की सूचना तुरंत पुलिस को दें।











