Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित एक होटल में बुधवार रात एक महिला नर्स के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है और अपने परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य है। आर्थिक परेशानी के चलते उसने जालना जिले के भोकरदन निवासी एक परिचित मित्र से मदद मांगी थी, जिसने उसे होटल में मिलने के लिए बुलाया था।
बताया जा रहा है कि महिला गलती से होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित गलत कमरे का दरवाजा खटखटा बैठी। कमरे के अंदर तीन युवक शराब पी रहे थे। पीड़िता ने अपने मित्र का नाम लिया, जिस पर आरोपियों ने गुमराह कर उसे अंदर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दरवाजा बंद कर जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता देर रात किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही और शोर मचाया। इसके बाद वह वेदांत नगर पुलिस थाना पहुंची, जहां उसकी शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सामूहिक दुष्कर्म, अवैध रूप से बंधक बनाने और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम राठौड़ (27), ऋषिकेश चव्हाण (25) और किरण राठौड़ (25) के रूप में हुई है। इनमें दो बैंक रिकवरी एजेंट बताए जा रहे हैं, जबकि एक आरोपी MBA का छात्र है। तीनों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज, महाराष्ट्र











