November 2, 2026 8:05 pm

हरियाणा समाचार: नई श्रम संहिताओं से श्रमिकों को मिलेगा व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज : सुनील यादव

रेवाड़ी, 21 दिसंबर | ब्यूरो चीफ : दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लागू की गई चार नई श्रम संहिताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और औद्योगिक क्षेत्र के नियोक्ताओं व कर्मचारियों को उनके लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार को बावल स्थित मैसर्स इंडिया जापान लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी परिसर में आयोजित हुआ।

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के निदेशक (प्रभारी) सुनील यादव ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि नई श्रम संहिताओं के लागू होने से देश के श्रमिकों के लिए बेहतर वेतन, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण का एक नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के लागू होने से हरियाणा में ईएसआईसी कवरेज का दायरा काफी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि अब गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों सहित सभी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत लाया जाएगा। 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य जांच अनिवार्य होगी। 10 से कम कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों के लिए ईएसआई कवरेज स्वैच्छिक होगा, जबकि खतरनाक कार्यों में लगे एक भी कर्मचारी वाले प्रतिष्ठानों के लिए यह अनिवार्य रहेगा।

निदेशक (प्रभारी) ने बताया कि अनुबंध श्रमिकों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा लाभ देने की जिम्मेदारी मुख्य नियोक्ता की होगी। बागान मजदूरों और खदान श्रमिकों को भी अब ओएसएचडब्ल्यूसी और सामाजिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत लाकर मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच व ईएसआई चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आवश्यक सुरक्षा उपायों और सहमति के साथ रात्रि पाली सहित सभी कार्यस्थलों पर काम करने की अनुमति दी गई है, जिससे उन्हें बेहतर वेतन और समान अवसर प्राप्त होंगे।

🔹 स्प्री योजना 31 दिसंबर 2025 तक लागू

सुनील यादव ने बताया कि ईएसआईसी की स्प्री योजना 31 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगी। इसके तहत जो उद्योग एवं कर्मचारी अब तक ईएसआईसी से नहीं जुड़े हैं, वे बिना किसी पुराने बकाया के पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण ईएसआई पोर्टल, श्रम सुविधा पोर्टल और कंपनी मामलों के पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। पंजीकरण की तिथि से ही कर्मचारियों को ईएसआई लाभ मिलने लगेंगे।

🔹 स्वैच्छिक अनुपालन पर जोर

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देना है, जिससे मुकदमेबाज़ी कम होगी और नियोक्ताओं व कर्मचारियों के बीच विश्वास बढ़ेगा।

🔹 एमनेस्टी योजना 2025

ईएसआईसी द्वारा स्वीकृत सर्व-क्षमा (एमनेस्टी) योजना 2025 के तहत 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक एकमुश्त विवाद समाधान किया जाएगा। इससे कवरेज, ब्याज और अन्य विवादों का निपटारा संभव होगा।

🔹 उद्योग जगत ने किया स्वागत

सेमिनार में रेवाड़ी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (RCCI) के अध्यक्ष दीपक यादव, कार्यकारी सदस्य रीना भट्ट, मुंजाल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के एचआर प्रमुख सतीश यादव सहित 50 से अधिक उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने श्रम संहिताओं और ईएसआईसी योजनाओं को उद्योगों व श्रमिकों के हित में बताया।

इस अवसर पर उप-क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम से उप निदेशक सचिन सिंह, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनोज सचदेवा, जयप्रकाश यादव एवं सीमा कपूर भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें