तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के बाबू के डेरा पच्छिमी गाँव में पिछले एक सप्ताह से दो पागल सियारों ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। रोजाना ये सियार गाँव में घूमने वाले लोगों को दौड़ाकर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे लोग भयभीत होकर घरों से निकलने तक में डर रहे हैं। मंगलवार की सुबह इसी आतंक ने बड़ा रूप ले लिया। गाँव से सटी सड़क पर रोज की तरह महिलाएँ टहल रही थीं कि तभी अचानक एक सियार झाड़ियों से निकलकर उन पर टूट पड़ा। हमले की रफ्तार इतनी तेज थी कि महिलाएँ कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही पाँच लोग उसकी चपेट में आ गए। घायल होने वालों में सावित्री देवी उम्र 40 वर्ष पत्नी कृष्णा साह, प्रियांशु कुमारी उम्र 17 वर्ष पुत्री कृष्णा साह,फुलेसरी देवी उम्र 65 वर्ष पत्नी स्व. सरल यादव,मुन्नी देवी उम्र 50 वर्ष पत्नी देवकुमार यादव,अभिषेक यादव उम्र 9 वर्ष पुत्र विकास यादव शामिल हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घायलों का उपचार चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन माह पहले भी दो लोगों को सियार ने काटा था, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मंगलवार को ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर एक पागल सियार को पकड़ कर मार गिराया, लेकिन दूसरा सियार अब भी खुले में घूम रहा है, जिससे गाँव में रातें भी सुकून से नहीं कट रहीं। ग्रामीण प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि जल्द से जल्द बचे हुए सियार को पकड़कर इस भयावह स्थिति से राहत दिलाई जाए, ताकि लोग सामान्य जीवन में लौट सकें।











