रेवाड़ी, 9 दिसंबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जिला रेवाड़ी पुलिस द्वारा गत सप्ताह ड्रिंक एंड ड्राइव, वाहन में तेज डीजे/प्रेशर हॉर्न बजाने, लेन चेंज नियमों की अवहेलना करने व बुलेट पटाखा छोड़ कर हवा बाजी करने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई और 41 वाहन चालकों के चालान किए है।
पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि रात्रि के समय काफी वाहन चालक नशे में धुत होकर वाहन चलाते हैं, जिससे वह अपने आप को तो खतरे में डालते ही हैं साथ में सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक के लिए भी खतरा बन जाते है। शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है और यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत दंडनीय अपराध है।
एसपी ने कहा कि कुछ लोग गाड़ी में तेज़ डीजे/प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण करने के साथ-साथ लोगों में दहशत और असुविधा पैदा करते है। कई बार इस तरह की हरकतें सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन जाती हैं। इस दौरान गाड़ी में तेज़ डीजे/प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण करने वाले व बुलेट पटाखा छोड़ कर हवाबाजी करने वाले 2 वाहन चालकों पर शिकंजा कसा है।उन्होंने बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखा छोड़ कर हवाबाजी करने वालों को सचेत करते हुए कहा कि अभी केवल रेवाड़ी पुलिस चालान ही कर रही है। संभल जाएं, अन्यथा इस अपराध के लिए मुकदमा का भी प्रावधान है। इसके साथ ही रेवाड़ी पुलिस ने इस सप्ताह में लेन चेंज से सम्बंधित नियम की अवहेलना पर 1055 वाहन चालकों के चालान किए गए।











