तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। अवैध शराब के निष्कर्षण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे जनपद-व्यापी अभियान के तहत मनियर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश चन्द्र शुक्ल तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घाघरा नदी के उस पार, थानाक्षेत्र मनियर और बिहार सीमा से सटे इलाके में छापेमारी की। इस छापेमारी में पुलिस ने अवैध कच्ची देशी शराब बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में लगभग 80,000 लीटर लहन, शराब बनाने के उपकरण, नौसादर, फिटकरी समेत अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही 8 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया। छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने वाले कोई भी व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर मिले सभी अवैध उपकरणों और सामग्री को नष्ट करते हुए क्षेत्र में अवैध शराब पर रोकथाम का सख्त संदेश दिया है। थाना मनियर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











