November 2, 2026 9:33 pm

बलिया समाचार: इब्राहिमाबाद नौबरार अठगांवां पंचायत में भीषण आग सात परिवारों के दर्जनभर मड़हे खाक, लाखों का नुकसान।

तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार अठगांवां पंचायत स्थित बड़का सुफल टोला बस्ती में शुक्रवार की शाम अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। बताया जा रहा है कि आग घरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के केबल से निकली चिंगारी के कारण लगी। चिंगारी गिरते ही आग ने तेजी पकड़ ली और देखते-देखते सात परिवारों के करीब एक दर्जन मड़हे जलकर राख हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक, सुफल टोला निवासी तेईस बिंद की बेटी की सगाई तय हुई थी, जिसकी तैयारी के सिलसिले में परिवार के सदस्य बैरिया बाजार गए थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे लालजी बिंद के मड़हे के ऊपर से गुजर रहे घरेलू केबिल में अचानक चिंगारी उठी, जो सीधे मड़हे पर गिर गई। मड़हे में कोई मौजूद न होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और आसपास के कुल ग्यारह मड़हों को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने बाल्टी और मोटर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश मड़हे पूरी तरह जल चुके थे। गनीमत यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। गांव के कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

 

*जिनके मड़हे जले*

लालजी बिंद 2 मड़हे, ललक बिंद 2 मड़हे ,जितेंद्र बिंद 1 मड़हा, गौतम बिंद 1 मड़हा,तेईस बिंद 2 मड़हे, विहारी बिंद 1 मड़हा,रंगीला बिंद 2 मड़हे।

सभी जले हुए मड़हों में रखा लाखों रुपये का सामान, आभूषण, नकदी, जरूरी कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। समाचार लिखे जाने तक न तो कोई सरकारी अधिकारी और न ही कोई समाजसेवी संगठन मौके पर पहुंचा था। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें