रेवाड़ी, 5 दिसंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विधायक अनिल यादव के भरसक प्रयासों से आखिरकार वो घड़ी आ ही गई, जिसका यहां के अनेक गांवों के लोग इंतजार कर रहे थे। करीब अढ़ाई साल तक काम चलने के बाद आज विधायक अनिल यादव ने रेलवे स्टेशन के आरओबी का विधिवत रूप से नारियल तोड़ कर पुन: शुभारंभ किया।
इस पुल के पुनर्निर्माण पर लोक निर्माण विभाग ने 11 करोड़ 50 लाख की राशि खर्च की है। पुल के शुरू होने से प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। साल्हावास, झज्जर से नाहड़, कनीना, झाड़ली प्लांट व रेवाड़ी जाने वाले वाहन आज से सीधे इस पुल से होकर गुजर रहे हैं। पहले उन्हें आसपास के गांवों से होकर निकलना पड़ता था।
विधायक अनिल यादव ने नारियल तोड़कर व हरी झंडी दिखाकर आरओबी पर वाहनों का आना-जाना शुरू करवाया। लोगों ने हर्षोल्लास के साथ विधायक का स्वागत किया और उनका आभार प्रकट करते हुए हलके में एक बड़ा काम पूरा होने पर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विगत अढ़ाई साल से आरओबी की रिपेयर का काम चलने की वजह से यहां से वाहनों का निकलना बंद हो गया था। विधायक बनने के बाद उन्होंने इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया। कई बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का भी इस आरओबी की ओर ध्यान आकर्षित कर उनसे पुल को जल्दी बनवाने का अनुरोध किया। सरकारी मशीनरी को गति प्रदान करते हुए अब यह वाहनों के आने-जाने के लायक तैयार हो गया है। जल्दी ही इस पर लाइटें और फुटपाथ की टाइलें लगाने का काम पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 950 मीटर लंबे इस आरओबी के शुरू होने से झज्जर, रेवाड़ी, कोसली, बहु-झोलरी, कनीना आदि क्षेत्र के करीब सौ गांवों के लोगों को यातायात की सुगम सुविधा मिलेगी। उनका प्रयास है कि हलके में बाकी जर्जर हालत की सड़कों को दोबारा बनवाने के काम में भी तेजी आए, जिसके लिए बीएंडआर तथा अन्य विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर भाजपा नेता वीर कुमार यादव, एसडीएम विजय कुमार यादव, चेयरमैन दुष्यंत सिंह, चेयरमैन कपिल यादव, चेयरमैन महेश यादव, वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल, जिला पार्षद जीवन हितैषी, जिला पार्षद शारदा यादव, अशोक लुखी, उदयभान डागर, गोपीचंद डहीना, सुरेंद्र यादव, प्रेमप्रकाश, प्रधान भोलाराम सिंगल, अनूप यादव, नवनीत यादव, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, विजय आजाद, सतबीर यादव, सरदार सिंह भाला, दीपक, रविंद्र, अनिल भारद्वाज, प्राचार्य लाज कौशल व बीडीपीओ अनिल कुमार, एसडीओ वीरेंद्र सिंह, जेई परमजीत राठी, प्रदीप सुहाग सहित अनेक पंच-सरपंच व मौजिज व्यक्ति मौजूद रहे।











