तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी के नेतृत्व में सर्किल बैरिया के चारों थानों बैरिया, रेवती, हल्दी एवं दोकटी में गुरुवार को थाना क्षेत्र के सभी हिस्ट्रीशीटरों को थानों पर बुलाकर सामूहिक रूप से कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की अपराध प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*बैठक में अधिकारियों ने हिस्ट्रीशीटरों को निम्न निर्देश दिए*
*नियमित निगरानी* पुलिस की ओर से लगातार उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
*थाने में अनिवार्य उपस्थिति* सभी एचएस को नियमित रूप से थाने में उपस्थिति दर्ज करनी होगी। अनुपस्थित पाए जाने पर घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
*डोमिसाइलरी विजिट* पुलिस टीम समय-समय पर उनके घरों की गोपनीय एवं नियमित जांच करेगी।
*आय के स्रोत की जांच* उनकी आय के स्रोतों की विस्तृत पूछताछ की जाएगी। अवैध संपत्ति मिलने पर जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
*अपराधियों से संपर्क पर नजर* पुलिस उनके संदिग्ध व्यक्तियों एवं अपराधियों से संबंधों की भी जांच करेगी। अवैध गतिविधि सामने आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*डिजिटल निगरानी* पुलिस सभी हिस्ट्रीशीटरों की डिजिटल गतिविधियों पर भी निगरानी रखेगी। संदिग्ध डिजिटल मूवमेंट पर त्वरित एक्शन लिया जाएगा।
अधिकारियों ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहें, अपने आचरण में सुधार लाएं और ईमानदार तरीके से जीविकोपार्जन करें। साथ ही आमजन से सौम्य व्यवहार करने की भी हिदायत दी गई।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध की राह पर लौटने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











