तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। जनपद बलिया के बैरिया पुलिस ने बकुलहा रेलवे ट्रैक के पास मिली युवती की सिरकटी लाश के जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) में कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी और प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
*18 नवंबर को रेलवे ट्रैक के पास मिला था सिरकटा शव*:-
18 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे बैरिया पुलिस को सूचना मिली कि बकुलहा रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और नियमानुसार पंचायतनामा की कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक भी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और साक्ष्य संग्रह कराते हुए पहचान की दिशा में प्रयास शुरू कराए। शव के पास मिले कपड़े, आधार कार्ड और अन्य वस्तुओं की जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हो सकती है, जिसका प्रेम संबंध अभिषेक यादव से था।
*परिजनों ने लगाए थे हत्या के आरोप*:-
जांच के दौरान अभिषेक के पिता ने पुलिस को बताया कि अभिषेक और प्रीति ने 30 सितंबर को भागकर शादी कर ली थी और साथ रहने लगे थे। बाद में प्रीति के परिजन सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने की बात कहते हुए युवती को 14 नवंबर को घर वापस ले गए। 16 नवंबर की रात अभिषेक के पिता और उसके चचेरे भाई ने प्रीति को टोलाफत्तेराय स्थित स्कूल में उसके चाचा अशोक यादव और भाई आर्या उर्फ पिंटू यादव के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजन शादी की तारीख तय होने का इंतजार करते रहे, लेकिन कई दिनों तक कोई संपर्क नहीं हुआ। इसी बीच बकुलहा में सिरकटा शव मिलने की खबर पर उन्हें शंका हुई। जब उन्होंने प्रीति के परिजनों से जानकारी लेनी चाही तो शक के घेरे में आए लोगों ने उन्हें धमकाया। पीड़ित पक्ष ने प्रीति के चाचा और भाई पर हत्या कर सबूत मिटाने का आरोप लगाया। इसी आधार पर बैरिया थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
*मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार*:-
23 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार सिंह टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर हत्याकांड में वांछित आरोपी आर्या कुमार यादव उर्फ पिंटू यादव (19 वर्ष), निवासी टोला फत्तेराय को पुरानी रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से 17 सेंटीमीटर लंबा और 3 सेंटीमीटर चौड़ा धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में किया सनसनीखेज खुलासा पूछताछ में आरोपी आर्या ने स्वीकार किया कि चाचा अशोक यादव ने प्रीति के पैर पकड़ लिए थे और उसने गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। मृतका के शांत हो जाने पर दोनों ने शव को कंबल में लपेटा और रात में ही अपाची बाइक से रेलवे लाइन के पास स्थित सुनसान स्थान पर ले गए। वहाँ पानी भरे हिस्से के पास उन्होंने चाकू से प्रीति की गर्दन काट दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को चलती ट्रेन के आगे फेंक दिया।
आरोपी के पास मिली सफेद-ब्लैक अपाची मोटरसाइकिल (UP 60 AY 4080) के कागज़ न मिल पाने पर वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज कर दिया गया।











