तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक बोलेरो वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के कर्ण छपरा निवासी सुमित कुमार (30) पुत्र अशोक राम, राहुल कुमार (26) तथा अजित कुमार (22) पुत्र धर्मेंद्र राम एक ही बाइक से सोनवानी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वे दूबे छपरा चिमनी के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी बलिया की ओर से आ रही बोलेरो ने बाइक में सीधे टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से तड़प रहे थे।
इसी दौरान मझौवां से निमंत्रण कर वापस लौट रहे पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत अपने साथ चल रहे वाहन से तीनों घायलों को सोनबरसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। साथ ही घटना की सूचना क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सरोज को भी दी। सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीनों युवकों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर तथा सिर में गंभीर चोटें पाई गईं। स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सोनबरसा अस्पताल पहुंची और घायलों के परिजनों को सूचना दी। बाद में परिजन अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पूर्व विधायक द्वारा तत्काल मदद किए जाने पर परिजनों ने उनका आभार व्यक्त किया। पूर्व विधायक ने इसे मानवता की सेवा बताते हुए रात में ही एंबुलेंस की व्यवस्था कर तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया। बैरिया थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।











