तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया।सरकारी स्कूलों में शिक्षा सुधार के सरकारी दावे जमीनी स्तर पर फेल साबित हो रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र रेवती के प्राथमिक विद्यालय दरियाव राय के टोला (गोपाल नगर) में शिक्षकों की लापरवाही और मनमानी के कारण बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामवासियों के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक आंचल कुमार गौतम अकसर देर से विद्यालय पहुंचते हैं, जिससे समय पर कक्षाएं प्रारंभ नहीं हो पातीं। सरकार की ओर से बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और मिड-डे मील जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बावजूद शिक्षकों की उदासीनता के कारण योजनाएं केवल कागज़ों तक सीमित हैं। विद्यालय में मौजूद एक सहायक अध्यापक ने बताया कि प्रधानाध्यापक उस दिन राशन लेने कोटेदार के घर गए थे, जबकि एक अन्य शिक्षक बीएलओ ड्यूटी पर तैनात थे। गांव के एक व्यक्ति ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि कक्षा चार के एक छात्र के साथ सहायक अध्यापक द्वारा मारपीट की गई, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने रिकॉर्ड भी किया है। ग्रामीणों का कहना है, “गांव में कोई निजी विद्यालय नहीं है। बच्चे मजबूरी में यहीं पढ़ने आते हैं, लेकिन यहां न पढ़ाई होती है, न अनुशासन।” विद्यालय परिसर में शौचालय और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी (रेवती) दुर्गा शंकर सिंह ने बताया कि “मामले की जानकारी अभी तक नहीं थी। जांच कराई जाएगी और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”











