तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। एक ओर जहाँ सरकार प्रदेश भर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं बलिया जिले के सुरेमनपुर पुराने रेलवे स्टेशन परिसर की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक और रेलवे अधिकारी इस पर अब तक मौन हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के निवासी लक्ष्मण यादव द्वारा पुराने रेलवे स्टेशन परिसर की भूमि पर अस्थायी रूप से निर्माण सामग्री रखकर भवन निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया जाता है कि यह वही स्थान है जहाँ कुछ वर्ष पूर्व बाढ़ की चपेट में आने से रेलवे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद रेलवे विभाग ने नई लाइन बिछाकर नया सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन निर्माण कराया था। अब छोड़ी गई पुरानी स्टेशन की जमीन पर धीरे-धीरे अवैध कब्जे होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो पूरी भूमि पर अतिक्रमण हो जाएगा। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में वाराणसी मंडल के डीआरएम ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि “रेलवे की भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी रेलवे प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए ताकि सरकारी संपत्ति को बचाया जा सके।











