तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। सुदामापुरी, इब्राहिमाबाद स्थित श्री कौशल किशोर मंदिर परिसर में चल रहे मां नर्मदा महायज्ञ में भक्ति और आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। छह नवम्बर से आरंभ हुआ यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यज्ञ का आयोजन श्री विमल महाराज जी के सान्निध्य में किया जा रहा है, जिसकी पूर्णाहुति और विशाल भंडारा 14 नवम्बर को संपन्न होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ छह नवम्बर को निकाली गई भव्य जलयात्रा से हुआ था, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन प्रवचन, भजन-संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मंगलवार को आयोजित प्रवचन के दौरान श्री बुलेट बाबा महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का वर्णन किया। इस अवसर पर प्रस्तुत की गई शिव-पार्वती विवाह की झांकी ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। पूरा पंडाल “हर हर महादेव” और “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालु इस आयोजन को जीवन का पुण्य अवसर मानकर प्रतिदिन यज्ञ में सहभागी हो रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि 14 नवम्बर को पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ यह महायज्ञ संपन्न होगा।











