November 2, 2026 11:28 pm

आखिर हुलासगंज प्रखंड में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा लोगों को कब मिलेगी? आधार कार्ड बनवाना या उसमें संशोधन के लिए भटकने को मजबुर हैं लोग 

मनोज कुमार (जहानाबाद )

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हुलासगंज में आधार कार्ड बनवाना या उसमें संशोधन करवाने के लिए लोगों को जिला में या फिर अन्य प्रखंडों में चक्कर काटना पड़ रहा है। फिर भी काम नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हुलास गंज प्रखंड कार्यालय,मध्य बिहार ग्रामीण बैंक,हाई स्कूल के अलावा मुरगांव हाई स्कूल में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई लेकिन धीरे-धीरे हर जगह शिविर एक एक कर बंद होते गये।अब कार्ड बनवाने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से खर्च और परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि आधार कार्ड की बहुआयामी उपयोगिता होने के कारण सरकारी सेवाओं, पहचान, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना गैस कनेक्शन, बैंकों में खाता खोलवाना ड्राईविंग लाईसेंस बनवाने एवं सरकारी अनुदानों का लाभ लेने में आधार कार्ड की आवश्यकता तो है ही इसके अलावा अब स्कूलों में नामांकन से लेकर परीक्षा तक इसे अनिवार्य माना गया है।

अब जब स्कूलों में नये सत्र की शुरुआत होने वाली है तथा नामांकन पखवाड़ा मनाया जा रहा है लेकिन अभिभावकों के सामने आधार कार्ड की आवश्यकता यक्ष प्रश्न साबित हो रहा है। नामांकन में इसे अनिवार्य बताया जा रहा है।इस संबंध में हुलास गंज स्थित साधना पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अभय नारायण ने बताया कि अब निजी स्कूलों में गरीब छात्रों के नि: शुल्क नामांकन एवं पढ़ाई की व्यवस्था को अनिवार्य कर दिया गया है लेकिन आधार कार्ड के न होने से गरीब बच्चों का नामांकन नहीं हो पा रहा है।

अभिभावकों ने बताया कि दूसरे जगहों पर जाकर आधार कार्ड बनवाना हर किसी के वश से बाहर की बात है।एक तो दिन भर अपनी बारी का इंतजार करना होता है दूसरे लाचार लोगों से वसूली का धंधा फल फूल रहा है।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी स्वाति कुमारी ने बताया कि आधार कार्ड के लिए जिला में कार्यरत एजेंसी को हुलासगंज में आधार सेवा उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है। लोगों के जेहन में आखिर यह सवाल बार बार उठता है कि हुलास गंज प्रखंड के लोगों को आखिर इस सुविधा से कब तक वंचित रखा जाएगा?

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें