Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गांवों, कस्बों और शिक्षण संस्थानों में लगी चौपालें, महिलाओं और छात्राओं को दी गई सुरक्षा व आत्मनिर्भरता की जानकारी।
तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर बलिया पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम, कस्बों, मोहल्लों और शिक्षण संस्थानों में जाकर चौपाल लगाई गईं और महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में महिला बीट अधिकारियों ने महिला सम्मान, सुरक्षा और जागरूकता को केंद्र में रखकर लोगों से संवाद किया। चौपालों में महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
अभियान के तहत महिला कर्मियों ने छात्राओं व महिलाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, आपातकालीन सेवा यूपी-112, महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो स्क्वायड, और अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही आत्मरक्षा के तरीके, बाल श्रम उन्मूलन, शक्ति दीदी अभियान तथा महिला कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक व सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त बनाना है ताकि वे हर परिस्थिति में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।











