Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हल्दी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास से संबंधित एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 अक्तूबर 2025 को एक व्यक्ति द्वारा थाना हल्दी में तहरीर देकर बताया गया था कि उसके बड़े भाई व परिजनों पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
इसी क्रम में, दिनांक 29 अक्तूबर 2025 को उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, उपनिरीक्षक धर्मवीर यादव तथा हेड कांस्टेबल ध्रुवराज कुमार की टीम वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में रवाना हुई। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त राकेश सिंह पुत्र स्वर्गीय सीताराम सिंह निवासी ग्राम परसिया, थाना हल्दी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।











