Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गांव-गांव, स्कूल-कॉलेजों में चल रहा जागरूकता अभियान महिलाओं को बताया जा रहे अधिकार और सुरक्षा उपाय।
संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत बलिया पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की महिला बीट अधिकारियों द्वारा गांवों, कस्बों, मोहल्लों और शिक्षण संस्थानों में चौपाल लगाकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई।
महिलाओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने प्रतिभागियों को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्हें निम्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्प डेस्क और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्यप्रणाली,साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा के टिप्स, शक्ति दीदी पहल, और नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जनपद के सभी थानों की महिला बीट अधिकारी ग्रामीण इलाकों में जाकर महिलाओं की समस्याओं को सुन रही हैं और मौके पर ही उनका समाधान भी कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि “मिशन शक्ति” का उद्देश्य हर महिला को जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है। यह अभियान महिलाओं के प्रति सम्मान और विश्वास की भावना को मजबूत करेगा।











