November 2, 2026 11:14 pm

रेवाड़ी अनाज मंडी में किसानों की दुर्दशा सरकार की नाकामी का प्रतीक — चिरंजीव राव

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रेवाड़ी, 8 अक्टूबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

 

पूर्व विधायक एवं एआईसीसी सचिव चिरंजीव राव ने कहा कि इस समय रेवाड़ी की अनाज मंडी में हालात बेहद खराब हैं। लगातार बारिश से मंडी में बाजरे के कट्टे और ढेर पूरी तरह भीग चुके हैं, जबकि सरकार और प्रशासन के पास कोई ठोस प्रबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी में आए किसानों की हालत देखकर यह साफ झलकता है कि भाजपा सरकार ने किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है।

चिरंजीव राव ने कहा कि गत 22 सितंबर से हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (HWC) और हैफेड के माध्यम से सरकारी खरीद शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन रेवाड़ी की मंडी में बाजरे की खरीद देरी से शुरू की गई। किसानों को कई दिनों से मंडी में डटे रहना पड़ रहा है, और बारिश से उनकी मेहनत की फसल बर्बाद हो रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए 2,775 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के बावजूद किसान मजबूरी में अपनी फसल 1,980 रुपये और उसके आसपास के भाव में बेचने को विवश हैं। भावांतर योजना के तहत 575 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि दिए जाने की बात कही गई थी, पर हकीकत यह है कि कई किसानों को यह राशि महीनों तक नहीं मिलती। जिससे साफ है कि सरकार की नीयत और नीतियों दोनों में गड़बड़ी है।

चिरंजीव राव ने कहा कि रेवाड़ी मंडी में आज किसानों की फसल खुले आसमान के नीचे सड़ रही है, मंडी में तिरपाल तक की व्यवस्था नहीं है। यह दृश्य भाजपा सरकार के किसान विरोधी रवैये का आईना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादे सिर्फ भाषणों तक सीमित हैं। किसानों की मेहनत मिट्टी में मिल रही है और सरकार चंडीगढ़ में बैठकर कागजी दावे कर रही है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में भारी फर्क है और इसका खामियाजा किसान भुगत रहे हैं।

उन्होंने राज्य सरकार से माँग की है कि रेवाड़ी समेत पूरे प्रदेश में बाजरे की खरीद तुरंत शुरू की जाए, मंडियों में तिरपाल और भंडारण की व्यवस्था हो, और भावांतर भुगतान में पारदर्शिता लाई जाए। कांग्रेस पार्टी हरियाणा के किसानों के साथ खड़ी है, और भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें