Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 25 अगस्त जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने विधानसभा के मानसून सत्र में रेवाड़ी के मसानी बैराज के प्रदूषित पानी के स्थाई समाधान तथा बरसात के मौसम में ओवरफ्लो के चलते इस दूषित पानी से नष्ट हुई फसलों से प्रभावित किसानों को मुआवजे की मांग को जोरदार ढंग से उठाया।
क्षेत्र की मांग उठाते हुए विधायक ने कहा कि वह इस मांग को पहले भी बजट सत्र में उठा चुके हैं। मसानी बैराज में जमा होने वाले दूषित पानी से करीब 15 गांव के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। करीब एक हजार एकड़ में कैमिकल युक्त पानी जमा रहने से आधा दर्जन से अधिक गांवों का भूजलस्तर एक फीट पर ही आ गया है। गंदे पानी के चलते यहां की भूमि भी खराब हो रही है तथा बीमारियां फैलने की भय बना रहता है।
उन्होंने अपनी आवाज को और बुलंद करते हुए कहा कि मसानी बैराज में राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र का कैमिकलयुक्त दूषित पानी भी आ रहा है। बरसात के इस मौसम में यह पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों में पहुंच गया है, जिससे किसानों की फसलें भी खराब हो रही है। इसलिए भिवाड़ी से आने वाले पानी के तमाम रास्तों को बंद कर इसे रोका जाए तथा जिन किसानों की फसलें खराब हुई है, उनके लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलकर उचित मुआवजा भी दिया जाए, ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या के समाधान को लेकर करीब 218 करोड़ के तैयार किए गए प्रपोजल के लिए वह सरकार का आभार जताते हैं, लेकिन जब तक यह सिरे नहीं चढ़ जाता, तब तक इसके किसानों को मुआवजा अवश्य दिया जाए।
विधायक के सवाल पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए करीब 219 करोड़ की परियोजना तैयार की गई है। बजट आवंटित होते ही इस पर कार्य शुरु करा दिया जाएगा।











