November 2, 2026 9:46 pm

आईजीयू में रैगिंग न करने की शपथ; अमेरिका के टैरिफ प्रभाव पर वार्ता

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रेवाड़ी 19 अगस्त जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी

 

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में वाणिज्य क्लब के तत्वावधान में एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस सत्र का विषय था “इंडो–यूएस संबंधों में बदलते परिदृश्य: अमेरिकी टैरिफ नीतियों की भूमिका”। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. मेघा सैनी, सहायक प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग, IGU ने छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया।

डॉ. मेघा सैनी ने विस्तार से बताया कि टैरिफ क्यों लगाए जाते हैं, उनके क्या प्रभाव होते हैं तथा इस प्रकार के व्यापारिक विवादों को किस प्रकार सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी टैरिफ नीतियाँ केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि कूटनीतिक संबंधों, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक शक्ति-संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। इनसे भारतीय उद्योगों को प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियाँ मिलती हैं और निर्यातक वर्ग पर सीधा दबाव पड़ता है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग, समझौते और सतत संवाद ही दीर्घकालिक समाधान का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति शर्मा ने भी विषय पर अपने विचार साझा किए और छात्रों व शोधार्थियों को इस क्षेत्र में जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

व्याख्यान के बाद छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों ने एंटी-रैगिंग शपथ ली। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग को पूरी तरह समाप्त करना और एक सुरक्षित, भयमुक्त एवं सकारात्मक शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में सभी छात्रों ने प्रतिज्ञा ली कि वे किसी भी प्रकार की रैगिंग में भाग नहीं लेंगे और अपने सहपाठियों के साथ सम्मानजनक एवं मित्रवत व्यवहार करेंगे। साथ ही, संकाय सदस्य भी छात्रों को मार्गदर्शन देने और रैगिंग विरोधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति शर्मा ने शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रैगिंग न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह छात्रों के मानसिक एवं शैक्षिक विकास पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इस अभियान में सहयोग दें और विश्वविद्यालय परिसर को सुरक्षित बनाए रखें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन वाणिज्य क्लब द्वारा किया गया। वाणिज्य क्लब के संयोजक डॉ. विजय सिंह, सह-संयोजक डॉ. ईश्वर सिंह, सचिव डॉ. प्रियंका रँगा तथा संयुक्त सचिव डॉ. संदीप कुमार ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में डॉ. विजय सिंह ने डॉ. मेघा सैनी का उनके ज्ञानवर्धक व्याख्यान हेतु आभार व्यक्त किया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें