Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 10 अगस्त जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
रेवाड़ी के विकास को उस समय नई रफ्तार मिली, जब विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने राव तुलाराम स्टेडियम में 9.67 करोड़ की लागत से बनने वाले सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य का नारियल फोड शुभारंभ किया। इससे पूर्व स्टेडियम में पहुंचने पर खेल अधिकारियों व कोच ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि गत दिनों इसी स्टेडियम में आयोजित धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने यहां सिंथेटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की थी, जिसका शुभारंभ आज किया गया है। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इतनी जल्द ही इस ट्रैक के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। उन्होंने कहा कि करीब छह माह के भीतर इस ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा तथा दिल्ली व बड़े शहरों की तर्ज पर यहां के खिलाडियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होगी। यह ट्रैक रेवाड़ी के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
लक्ष्मण यादव ने कहा कि इस स्टेडियम के भव्य मुख्य द्वार, स्टेडियम में राव तुलाराम की प्रतिमा, हाई मास्क लाइट समेत अन्य खेल सुविधाओं पर भी उनका पूरा ध्यान है। जल्द ही तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों व बच्चों से भी आह्वान किया कि वे इन सुविधाओं को लाभ उठाएं तथा अपनी प्रतिभा के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन करें। इस मौके पर भाजपा नेता दीपक मंगला, संजय चौहान, कोच चरण सिंह यादव, रोशनलाल समेत अनेक कार्यकर्ता, खेल विभाग के अधिकारी व कोच मौजूद रहे।











