November 2, 2026 10:26 pm

मुख्यमंत्री रेवाड़ी को देंगे 250 करोड़ की सौगात: बोले लक्ष्मण यादव

* रेवाड़ी रिपोर्टर दीपक तिवारी
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता ने उन्हें भरपूर प्यार, सहयोग व समर्थन देकर अपना ऋणी बना लिया है। वह भी एक बेहतर वकील बनकर हर स्तर पर क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण कराने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। गांव-देहात की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निदान कराना उनकी प्राथमिकताओं में है। उन्होंने ग्रामीणों को आगामी 15 जून को रेवाड़ी में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली का निमंत्रण भी दिया।
विधायक लक्ष्मण यादव अपने धन्यवादी दौरों की कड़ी में रविवार को क्षेत्र के गांव रामगढ़, भगवानपुर, मीरपुर, गोकलपुर, कुंभावास, रसगण तथा डूंगरवास में आयोजित धन्यवादी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। सभी गांवों में विधायक लक्ष्मण यादव का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की ओर से फूलमालाओं से लादकर, पगड़ी पहनाकर व ढोल-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की जनता ने गत विधानसभा चुनाव में नया इतिहास लिखने का कार्य किया है। इस क्षेत्र की बदहाली के लिए जिम्मेवार लोगों को जनता ने करारा सबक सिखाने का कार्य किया है। अब तक सत्ता पर काबिज लोगों ने केवल अपने स्वार्थ के लिए कार्य किया। इसी का परिणाम है कि उन्हें विरासत में समस्याओं का पहाड़ मिला है। ग्रामीणों के बीच धन्यवाद करने में देरी होने का कारण भी यही रहा है। क्योंकि पिछले करीब छह से अधिक माह से वह इलाके की समस्याओं के निदान की दिशा में पूरा होमवर्क करने में लगे हुए थे। तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें, समस्याओं की समाधान की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों, होने वाले कार्यों की रुपरेखा समेत सभी बिंदुओं पर पूरी गंभीरता के साथ काम चल रहा है तथा आने वाले समय में हमारी रेवाड़ी पूरी तरह से बदली-बदली दिखाई देगी।
विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि सभी को आगामी 15 जून को रेवाड़ी की अनाज मंडी में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली का निमंत्रण देते हुए कहा कि यह रैली रेवाड़ी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस दिन मुख्यमंत्री रेवाड़ी को करीब 250 करोड़ की सौगात देंगे। रेवाड़ी इस क्षेत्र की मांगों व समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर है तथा यहां की मांगों एवं समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निदान करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि केवल रेवाड़ी ही नहीं अपितु प्रदेशभर में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ अमलीजामा पहनाया जा रहा है। बिना पर्ची-खर्ची के प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने व्यवस्था परिवर्तन करने का कार्य किया है, जिसका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।
इस मौके पर सभी गांवों में ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं काफी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें