रेवाड़ी, 10 मई रिपोर्टर दीपक तिवारी
राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिगत आपदा की स्थिति में कोई भी व्यक्ति भारत सरकार के नियमों की अनदेखी न करें। आपको कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु अथवा आसमान से कोई अन्य उपकरण गिरते हुए दिखता है तो उसके पास न जाकर, प्रशासन को इस बारे तुरंत सूचित करें। सुरक्षा की दृष्टि से आपकी सजगता किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक सकती है। यह बात जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी अभिषेक मीणा ने कही। डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ने शनिवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि इन दिनों भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव के कारण लोगों की सजगता से ही सुरक्षात्मक चक्र को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार से कोई सामाजिक व सांप्रदायिक भावनाओं को भडक़ाने की कोई कोशिश न करें और सभी मिलकर भाईचारा कायम रखते हुए सौंहादर्यपूर्ण शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि इन दिनों तनाव की स्थिति में यदि किसी भी क्षेत्र में कोई आसमान से उपकरण गिरते हुए अथवा कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो उसके पास बिल्कुल भी न जाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर सतत निगरानी रखे हुए है और आमजन से सहयोग की अपेक्षा है। बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्त को आपातकालीन स्थिति से निपटने व जिला प्रशासन की तैयारियों बारे जानकारी भी ली।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में एम्बुलेंस व्यवस्था के साथ-साथ दवाईयों, बैड की व्यवस्था सुव्यवस्थित हो। उन्होंने कहा कि आईएमए के डॉक्टरों के साथ भी तालमेल बनाकर रखे तथा उन्हें जरूरत के समय सेवाओं देने के लिए तैयार रखे। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों का समायोजन पूरे जिले में क्षेत्र अनुसार रखने के आदेश डीसी ने फायर अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एनडीआरएफ, एनएसजी तथा एसडीआरएफ के अधिकारियों के साथ भी संपर्क में रहें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के सभी उपकरण सही व एक्टिव रखें। उन्होंने बैठक में पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्रॉस वालंटियर की सूची तैयार करने को कहा है ताकि जरूरत के समय उनकी सेवाएं ली जा सकें। डीसी ने बताया कि नागरिकों की जागरूकता के लिए जिला के सभी गांवों और शहरी क्षेत्र में सायरन स्थापित किए हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की डीसी ने की अपील
डीसी अभिषेक मीणा ने जिलावासियों से अपील की है कि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति या जरूरत के समय बजने वाले सायरन या ब्लैक आउट के दौरान हिदायतों की पालना करें और सरकार तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वयं भी सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से किसी प्रकार की भ्रामक बातें न फैलाएं। यह राष्ट्र की सुरक्षा का मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई राष्ट्रीय सुरक्षा नियमों की अनदेखी करता है तो उक्त व्यक्ति पर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तहत निर्धारित नियमों अनुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वे राष्ट्र की सुरक्षा में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से संबंधित विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिला में पीने के पानी के सभी प्रमुख चैनल्स जैसे नहर व जलाशय आदि की विशेष निगरानी रखी जाए, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वहां किसी अनाधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी ना हो। डीसी ने कहा कि प्रशासन जनता के हित में सभी आवश्यक कदम उठा रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवसर पर एडीसी अनुपमा अंजलि, डीएमसी राहुल मोदी, एसडीएम सुरेंद्र सिंह, एसडीएम उदय सिंह, एसडीएम विजय कुमार, सीटीएम प्रीति रावत, डीआरओ प्रदीप देशवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।











