रिपोर्टर अनिल कुमार महोबा
पनवाड़ी। चोरों ने हाइवे से लगे एक मुहल्ले के तीन घरों को निशाना बनाते हुए दस लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। थाना बाउंड्री के ठीक पीछे इस दुस्साहसिक वारदात से कस्बावासियों में भय का माहौल है। कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए चोरों के जल्द पकड़े जाने की बात कही है।
कस्बा के जंट पुरा निवासी दिनेश कुमार पुत्र फूलसिंह अहिरवार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने बताया कि उसका आधार कार्ड और अन्य कागज नजदीक बने बारात शाला के पास बिखरे पड़े हैं। इस खबर से परिजनों के होश उड़ गए। इसके उपरांत घर की तलाशी में सोने चांदी के जेवर और रुपए नदारद थे। घर में दो बहुओं के जेवर रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। चोरी गए गहनों की कीमत दस लाख के आस पास है। दिनेश ने बताया कि चोरों ने उसके साथ अन्य दो पड़ोसियों के घरों को निशाना बनाया जहां से दो और तीन हजार रुपए ले गए।
इस वारदात से परिवारजन सदमे में है।
परिवार वालों ने बताया कि दोनों बहुओं के लाखों रुपये के जेवर एक कमरे में रखे गए थे। चोर गैलरी के दरवाजे से अंदर घुसे और अनाज वाले कमरे में रखे जेवरात लेकर चुपचाप निकल गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर में किसी को कोई आहट तक नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने पनवाड़ी थाने में तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने मामले में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है।











