कोसली रेवाड़ी, 16 अप्रैल रिपोर्टर- दीपक तिवारी
चंडीगढ़ सचिवालय में हरियाणा के शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा से भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश महामंत्री वीरकुमार यादव ने भेंट की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के अन्य प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
वीरकुमार यादव ने महिपाल ढांडा को शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक सराहनीय कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र में हो रहे प्रमुख प्रयासों पर चर्चा हुई जिसमें मुख्यत: राज्य के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल बोर्ड और इंटरनेट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ।छात्र-छात्राओं को मुफ़्त टैबलेट, किताबें, वर्दी व मिड-डे मील, स्कूल आने व जाने के लिए वाहन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
स्कूलों में खेल, संगीत एवं अन्य सहशैक्षिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। अध्यापक भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके।
भाजपा नेता वीर कुमार यादव ने कहा कि इसके अलावा कुछ प्रमुख समस्याएं जिनका समाधान जरूरी है जैसे: ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की अनुपलब्धता। कुछ स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय आदि की कमी। डिजिटल साधनों की सीमित पहुँच, खासकर पिछड़े क्षेत्रों में।
बाबू वीर कुमार यादव ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि इन मुद्दों पर ठोस एवं गंभीर प्रयास किए जाएं ताकि ‘शिक्षित हरियाणा – सक्षम हरियाणा’ के लक्ष्य की प्राप्ति शीघ्र हो सके।
इस मुलाकात के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में विचार-विमर्श हुआ, जिसमें सभी पक्षों के संतुलन को ध्यान में रखते हुए एक समावेशी नीति की आवश्यकता पर बल दिया गया।











