रेवाड़ी, प्रदेश ब्यूरो चीफ हरियाणा दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में 09 सितंबर से 09 अक्टूबर 2026 तक पोषण माह-2026 मनाया जाएगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। पोषण माह का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों तथा छह वर्ष से कम आयु के बच्चों में पोषण संबंधी परिणामों में सुधार लाना तथा आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना है।
पोषण माह के प्रभावी आयोजन एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को लघु सचिवालय में एडीसी राहुल मोदी की अध्यक्षता में संबंधित लाइन विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण माह के दौरान जिले में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की कार्ययोजना, विभागीय सहभागिता तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं प्रोटीन युक्त पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक भागीदारी, प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल, शिक्षा एवं विकास तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रभावी केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिले एवं ब्लॉक स्तर पर पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
एडीसी ने निर्देश दिए कि पोषण माह के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का तिथिवार विवरण एवं फोटोग्राफ सहित रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा जन आंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित रूप से डेटा एवं फोटो अपलोड किए जाएं। दैनिक डेटा प्रविष्टि एवं डैशबोर्ड अपडेट करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा आमजन से पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। विभाग का उद्देश्य “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए “सुपोषित परिवार, स्वस्थ समाज” के लक्ष्य के साथ पोषण को एक प्रभावी जन आंदोलन का रूप देना है।
इस अवसर पर जिला महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव, ईओ नगर परिषद रेवाड़ी अरुण नांदल, डीईईओ प्रदीप कुमार, डीवाईओ सुमित यादव, डिप्टी सीएमओ डा. गजेंद्र, डिप्टी डीईओ राजेंद्र सिंह, एएमओ डा. राहुल, डीपीएम आफताब अहमद और डब्ल्यूसीडीपीओ कमलेश आदि मौजूद रहे।











