November 2, 2026 10:46 pm

हरियाणा समाचार: मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के निर्देश पर प्रदेशभर में लगभग 4000 ग्रामसभाओं की तैयारी, लगभग 30 लाख परिवारों के आय सत्यापन का डाटा लगभग तैयार : डॉ. सतीश खोला

रेवाड़ी, 2 सितंबर प्रदेश ब्यूरो चीफ हरियाणा दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में बड़े स्तर पर ग्रामसभाओं के आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य सरकार द्वारा लगभग 4000 ग्रामसभाएं आयोजित करने की योजना बनाई गई है, जिनके माध्यम से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज आय संबंधी विवरणों का सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि प्रदेश के लगभग 30 लाख परिवारों से संबंधित आय सत्यापन का डाटा लगभग तैयार कर लिया गया है। इस व्यापक अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र परिवार की वास्तविक आय का सही आकलन हो तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सके।

डॉ. खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की स्पष्ट सोच है कि हरियाणा का कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में प्रशासनिक स्तर पर अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब अधिकारियों के स्तर पर इतनी व्यापक और संगठित व्यवस्था बनाई गई है, ताकि ग्राम स्तर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने बताया कि ग्रामसभाओं के माध्यम से नागरिकों को अपनी आय संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा तथा आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे पात्र परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन, छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

डॉ. सतीश खोला ने कहा कि हरियाणा सरकार डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शी प्रशासन के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रही है। परिवार पहचान पत्र व्यवस्था ने सरकारी सेवाओं और योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को सरल, तेज और अधिक पारदर्शी बनाया है। अब ग्रामसभाओं के माध्यम से आय सत्यापन का यह अभियान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब उनके गांव में ग्रामसभा आयोजित की जाए तो वे उसमें सक्रिय रूप से भाग लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें। इससे पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ मिलने में तेजी आएगी तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अंत्योदय की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें