November 2, 2026 10:47 pm

बलिया समाचार: हवाई सर्वेक्षण के बाद बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे योगी, बोले- संकट में सरकार हर परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज का सौगात

नित्यानन्द सिंह एडिटर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलिया पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जिन परिवारों को राहत सामग्री ले जाने में परेशानी होगी, उसे प्रशासन वाहनों के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत सामग्री में आटा, चावल, चना, दाल, चीनी, भुना हुआ चना, माचिस, मोमबत्ती, कपड़ा धोने और नहाने का साबुन, हल्दी, मसाले, नमक, बाल्टी, तिरपाल, छाता और मग समेत आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। इसके साथ ही मेडिकल किट, जरूरी दवाएं और क्लोरीन की गोलियां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। पशुओं के टीकाकरण, दवा और चारे की व्यवस्था पर भी सरकार का ध्यान है।

उन्होंने कहा कि बाढ़, सर्पदंश, जंगली जानवरों के हमले अथवा आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि पर आपदा राहत के तहत सहायता दी जाएगी। किसान परिवार के सदस्य की बाढ़ या आकाशीय बिजली से मौत होने पर भी सहायता का प्रावधान है। बाढ़ में मकान कट जाने वाले परिवारों को जमीन और आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

सीएम योगी ने कहा कि वह लगातार बलिया के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संपर्क में रहे हैं तथा कई बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साहस और प्रशासन का सहयोग करने के लिए उनका आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं के हितों को लेकर संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और राहत कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीबों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा के समय सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत-बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

बलिया में बनेगा मेडिकल कॉलेज

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बलिया में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की जानकारी देते हुए कहा कि इसके लिए राज्य सरकार से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने बलिया के ऐतिहासिक और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान का उल्लेख करते हुए अमर शहीद मंगल पांडेय तथा स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण को भी याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र और जनहित के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे देश हमेशा स्मरण करता रहेगा।

सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में गरीबों और जरूरतमंदों तक राहत एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सही तरीके से नहीं पहुंचता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।

लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए और कहा कि जनता ऐसे मामलों का जवाब देगी।

सपा ने राहत व्यवस्था पर उठाए सवाल

विपक्षी समाजवादी पार्टी ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रही हैं। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कई गांवों में लोग अब भी प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी ने सरकार से जमीनी स्तर पर राहत कार्यों की निगरानी बढ़ाने और बाढ़ से स्थायी निजात के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है, ताकि किसानों को खेती करने में परेशानी न हो और बलिया के लोगों को बार-बार बाढ़ की समस्या का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में बाढ़ मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, विधायक केतकी सिंह, रविशंकर सिंह पप्पू, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला समेत भाजपा एवं सहयोगी दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें