महाराष्ट्र ब्यूरो चीफ योगेश यादव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में एक ज्वेलर के अपहरण और उसकी पत्नी से सोने के गहने लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान पर गिरवी रखे गए सोने के गहने बेचे जाने से नाराज कुछ लोगों ने ज्वेलर को अगवा किया और उसे छोड़ने के बदले उसकी पत्नी से करीब 79 ग्राम सोने के आभूषण ले लिए।
मामला बदलापुर पश्चिम के वालीवली नाका इलाके का है, जहां भीम सिंह खरवत की भैरव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को अक्षय भोपी, युवराज भोपी और उनके कुछ साथियों ने कथित तौर पर दुकान से भीम सिंह को जबरन अपने साथ ले लिया।
पिस्टल दिखाकर बनाया दबाव
आरोप है कि ज्वेलर को एरंजद इलाके में ले जाया गया। वहां उसे कथित तौर पर पिस्टल का डर दिखाकर धमकाया गया। इसके बाद उसकी रिहाई के बदले दुकान पर मौजूद उसकी पत्नी से 79 ग्राम सोने के गहने लिए गए।
घटना के बाद ज्वेलर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि इसकी भनक लगने के बाद आरोपियों ने दोबारा दबाव बनाने की कोशिश की।
दुकान में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप
25 अगस्त को कुछ लोगों ने कथित तौर पर ज्वेलर की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। उस समय भीम सिंह दुकान के अंदर मौजूद था। दुकान में हुई तोड़फोड़ की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गिरवी रखे गहने बेचने से शुरू हुआ विवाद
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद दुकान पर गिरवी रखे गए सोने के गहनों को लेकर शुरू हुआ। आरोपियों का दावा था कि ज्वेलर ने उनके गिरवी रखे गहने बेच दिए थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला कथित अपहरण, धमकी और लूट तक पहुंच गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में बदलापुर पश्चिम पुलिस स्टेशन में खंडणी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर शिंदे ने मामले की जानकारी दी है।
वहीं, उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











