रेवाड़ी -26 अगस्त चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेवाड़ी में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से 6 सितंबर को रेवाड़ी मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इसे महज एक दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता और स्वस्थ समाज के संकल्प का अभियान बनाने की तैयारी की है।
जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा के अनुसार मैराथन में करीब एक लाख प्रतिभागियों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन से पहले ही महज तीन दिनों में 28 हजार से अधिक लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है।
नशा तस्करों के लिए साफ संदेश
डीसी ने कहा कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेलों के प्रति उनका रुझान बढ़ाना है। प्रयास है कि ऐसा माहौल तैयार हो, जिससे नशा तस्कर खुद रेवाड़ी छोड़ने पर मजबूर हों। उन्होंने इसे जागरूकता और सामूहिक प्रयास से संभव बताया।
दो श्रेणियों में होगी मैराथन
मैराथन को दो श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा। 5 किलोमीटर की दौड़ में स्वास्थ्य और मनोरंजन के साथ हर उम्र के लोग हिस्सा ले सकेंगे, जबकि 10 किलोमीटर की दौड़ में खेलों में रुचि रखने वाले युवा-युवतियां भाग लेंगे। 21 किलोमीटर की दौड़ को इस आयोजन में शामिल नहीं किया गया है।
विजेताओं को भी प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
अभय सिंह चौक से शुरू होगी दौड़
मैराथन की शुरुआत 6 सितंबर की सुबह राव तुलाराम स्टेडियम के पास स्थित अभय सिंह चौक से होगी। प्रशासन का प्रयास है कि इसमें युवक-युवतियों के साथ महिला और पुरुष समान रूप से भाग लें। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न संगठनों, शिक्षण संस्थानों, खेल समितियों और पंचायतों से भी सहयोग मांगा जा रहा है।
रेवाड़ी की सड़कों पर होने वाली यह मैराथन सिर्फ दौड़ नहीं होगी—यह युवाओं को नशे से दूर, खेलों के करीब लाने और पूरे समाज को स्वस्थ भविष्य का संदेश देने की दौड़ होगी।











