November 2, 2026 10:33 pm

मुंबई खबर:रेल यात्रियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल; बोरीवली स्टेशन पर यात्री के पास मिला 35 सेंटीमीटर लंबा चाकू

रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़ महाराष्ट्र

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

मुंबई: मुंबई लोकल ट्रेनों में हाल ही में हुई दो चर्चित हत्या की घटनाओं के बाद रेलवे पुलिस ने स्टेशनों, फुटओवर ब्रिज और प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच और कड़ी कर दी है। इसी विशेष जांच अभियान के दौरान बोरीवली रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के पास से लगभग 35 सेंटीमीटर लंबा चाकू बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1 बजे बोरीवली रेलवे पुलिस की टीम स्टेशन के सार्वजनिक फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान कांदिवली पूर्व निवासी मच्छिन्द्रनाथ शंकर पाटिल (35) की तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके पास से लगभग 35 सेंटीमीटर लंबा बिना धार वाला चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत चाकू जब्त कर संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि यह चाकू उसने राजस्थान से खरीदा था। इसके बाद बोरीवली रेलवे पुलिस ने भारतीय आयुध अधिनियम (Arms Act) की धारा 4 और 25 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

मुंबई लोकल में हाल के दिनों में हुई हिंसक घटनाओं के मद्देनज़र रेलवे पुलिस लगातार विशेष जांच अभियान चला रही है। इसके बावजूद यात्रियों के पास इस तरह के हथियार मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। प्रतिदिन लाखों यात्रियों की आवाजाही वाली मुंबई लोकल में ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता की ओर संकेत करती हैं।

यह कार्रवाई बोरीवली रेलवे पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंढरीनाथ कांदे के मार्गदर्शन में की गई। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि बिना किसी वैध कारण के किसी भी प्रकार का हथियार लेकर यात्रा न करें। वहीं बढ़ई, राजमिस्त्री, इलेक्ट्रिशियन और अन्य तकनीकी कार्य से जुड़े लोग यदि अपने औजार साथ लेकर यात्रा करते हैं, तो उन्हें सुरक्षित और पूरी तरह बंद पैकिंग में रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से यह भी अपील की है कि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध वस्तु अथवा असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल रेलवे पुलिस या हेल्पलाइन पर दें। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी स्टेशन परिसरों में विशेष जांच अभियान जारी रहेगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें