पीएनपी न्यूज़ | सोनभद्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र। अनपरा स्थित संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में बुधवार को जिला संविदा श्रमिक यूनियन, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, अखिल भारतीय जनवादी नौजवान सभा तथा सीटू से जुड़े विभिन्न जनसंगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अस्पताल प्रशासन को आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।
प्रदर्शन में शामिल श्रमिकों, महिलाओं और स्थानीय बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल में आज भी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उनका कहना था कि अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन और अन्य जरूरी जांच सुविधाओं का लाभ मरीजों को नियमित रूप से नहीं मिल रहा है, जिससे गरीब मजदूर, किसान और जरूरतमंद मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अस्पताल में तत्काल अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे सेवाएं नियमित रूप से शुरू कराई जाएं, मरीजों को बाहर की दवाएं लिखना बंद किया जाए, सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सभी आवश्यक जांच अस्पताल परिसर में ही सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
वहीं अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि लैब असिस्टेंट के स्थानांतरण के कारण कुछ दिनों से जांच कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि अस्पताल की ओपीडी नियमित रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन तकनीशियन के अभाव में सेवाएं प्रभावित हैं। इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सुरेंद्र पाल, गुड्डू उपाध्याय, विसम्भर सिंह, नीलम देवी, रेखा, मीना, मनबस, सुनीता और मुस्ताक अहमद सहित बड़ी संख्या में श्रमिक, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











